सरकार ने स्पष्ट किया कि अतिरिक्त 20 प्रतिशत आवंटन का लाभ उठाने के लिए, सभी वाणिज्यिक और औद्योगिक एलपीजी उपभोक्ताओं को तेल विपणन कंपनियों के साथ पंजीकरण कराना होगा और अपने-अपने शहरों में शहरी गैस वितरण इकाई के पास पीएनजी के लिए आवेदन करना होगा.
नई दिल्ली:केंद्र सरकार का कोटा बढ़ाने के बाद दिल्ली सरकार ने भी कमर्शियल एलपीजी आपूर्ति का आवंटन 70% तक बढ़ा दिया है. पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के निर्देशों के बाद, पहले से लागू 50% आपूर्ति में अतिरिक्त 20% बढ़ोतरी की गई है, जिससे कमर्शियल एलपीजी उपलब्धता अब पहले के स्तर के 70% तक पहुंच गई है. इसमें स्टील, ऑटोमोबाइल, टेक्सटाइल, डाई, केमिकल और प्लास्टिक जैसे श्रम आधारित उद्योगों को प्राथमिकता दी गई है, जहां एलपीजी का कोई विकल्प नहीं है.
संशोधित आदेश में उद्योगों को (1800 सिलेंडर/दिन) और होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा, फूड प्रोसेसिंग और डेयरी सेक्टर को (3375 सिलेंडर/दिन) बड़ा हिस्सा दिया गया है. इसके अलावा आवश्यक सेवाओं को (225 सिलेंडर/दिन) और मजदूरों व छात्रों के लिए 5 किलो वाले सिलेंडर (684 सिलेंडर/दिन) उपलब्ध कराए जा रहे हैं.

मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बताया कि दिल्ली में न तो कोई पैनिक है और न ही जमाखोरी की स्थिति है. लगातार निगरानी में बुकिंग और सप्लाई पूरी तरह सामान्य पाई गई है. “किसी भी तरह की कमी नहीं है, सप्लाई पूरी तरह स्थिर है.
दरअसल केंद्र सरकार ने शुक्रवार को कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर्स के आवंटन का कोटा बढ़ाकर कुल मांग का 70 प्रतिशत कर दिया था, जो कि पहले 50 प्रतिशत था. इससे उन उद्योगों को राहत मिलेगी, जो कि बड़े स्तर पर अपने संचालन के लिए एलपीजी पर निर्भर है.



