
लखनऊ। विशेष संवाददाता
सेलिब्रिटी गार्डन सोसाइटी की हाल ही में सम्पन्न हुई वर्ष 2025 की चुनाव प्रक्रिया को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। इस मामले पर गंभीरता दिखाते हुए रजिस्ट्रार सोसाइटीज़ ने बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट (BOM) के अध्यक्ष को नोटिस जारी कर उनसे बिंदुवार लिखित जवाब माँगा है।
नोटिस में कहा गया है कि फरवरी 2025 में सम्पन्न हुए चुनाव की प्रक्रिया, मतदाता सूची, बैठक की कार्यवाही, मतदान की पारदर्शिता और वित्तीय लेन-देन से जुड़े कई बिंदुओं पर गंभीर आपत्तियाँ सामने आई हैं। रजिस्ट्रार ने साफ किया है कि अध्यक्ष को हर प्रश्न का ठोस उत्तर और दस्तावेज़ी साक्ष्य प्रस्तुत करना होगा।
रजिस्ट्रार ने उठाए प्रमुख सवाल
1. क्या चुनाव निर्धारित नियमावली और मानक प्रक्रिया के अनुसार कराए गए?

2. वोटिंग केवल “इन पर्सन” (सामना कर) हुई या प्रॉक्सी वोट भी स्वीकार किए गए?
3. यदि प्रॉक्सी वोट हुए, तो क्या वे अधिकृत ओनर की रजिस्टर्ड ईमेल से ही आए थे और चुनाव समिति की आधिकारिक ईमेल आईडी पर ही भेजे गए, अथवा अन्य किसी ईमेल पर? और यदि अन्य माध्यम से आए, तो क्यों स्वीकार किए गए?
4. क्या चुनाव की सूचना समय से सभी सदस्यों तक पहुँचाई गई और क्या वोटर लिस्ट में संशोधन हेतु सभी को अवसर दिया गया?
5. वर्ष 2025 के चुनाव 10 बोर्ड मेंबर पदों के लिए कराए जाने थे, लेकिन इन्हें विभिन्न पदों हेतु कराने का निर्णय क्यों लिया गया?
6. पिछले एक वर्ष का लेखा-जोखा और सोसाइटी की वित्तीय स्थिति कितनी पारदर्शी है?
7. अधूरे बने क्लब का स्वामित्व जल्दबाज़ी में क्यों लिया गया?
8. क्लब का स्वामित्व लेते समय बिल्डर के साथ कोई औपचारिक एग्रीमेंट हुआ था या नहीं?
9. फ्लैट मालिकों द्वारा क्लब की आजीवन सदस्यता के लिए बिल्डर को किया गया दो करोड़ रुपए से अधिक का भुगतान किस मद में और किसके पास गया?
निवासियों में बढ़ी बेचैनी
इस पूरे मामले पर सोसाइटी के निवासियों के बीच गहन चर्चा छिड़ गई है।
कुछ सदस्यों का आरोप है कि चुनाव में न केवल पारदर्शिता की कमी रही बल्कि कई नियमों की भी अनदेखी की गई। वहीं दूसरी ओर, वर्तमान पदाधिकारियों का कहना है कि पूरी प्रक्रिया नियमों और उपविधियों के अनुसार ही सम्पन्न कराई गई।
कानूनी कार्यवाही की संभावना
रजिस्ट्रार ने BOM अध्यक्ष को निर्धारित समय-सीमा में विस्तृत उत्तर दाखिल करने का निर्देश दिया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि उत्तर संतोषजनक नहीं पाया जाता, तो चुनाव को लेकर आगे कानूनी कार्यवाही की जा सकती है, जिसमें चुनाव निरस्त करना या पुनः चुनाव कराने जैसे विकल्प शामिल हैं।
सोसाइटी के निवासियों की निगाहें अब BOM अध्यक्ष के जवाब पर टिकी हैं, क्योंकि उसी से तय होगा कि यह विवाद शांत होगा या और गहराएगा।




