काश्मीर में आतंकियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, लश्कर के आतंकी का घर ध्वस्त

लोक निर्माण टाईम्स, श्रीनगर।
जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई लगातार जारी है। ताजा घटनाक्रम में, बांदीपोरा जिले के चोटीपोरा गांव में एक आतंकवादी के घर को ध्वस्त कर दिया गया। ध्वस्त किया गया मकान लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े एक सक्रिय आतंकवादी का था। अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई आतंकवादियों और उनके मददगारों को सख्त संदेश देने के उद्देश्य से की गई है।

पाकिस्तान में ट्रेनिंग लेकर घाटी में घुसपैठ

सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी अहसान उल हक ने वर्ष 2018 में पाकिस्तान में आतंकवादी प्रशिक्षण प्राप्त किया था और हाल ही में घाटी में घुसपैठ कर सक्रिय हुआ था। अहसान समेत कई आतंकवादी सुरक्षाबलों के खिलाफ हमलों और आम जनता में दहशत फैलाने की साजिश में शामिल रहे हैं।

जिन आतंकियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है, उनमें लश्कर-ए-तैयबा के आदिल हुसैन थोकर, जाकिर अहमद गनई, अमीर अहमद डार, आसिफ शेख, शाहिद अहमद कुट्टे, अहसान उल हक आमिर के अलावा, जैश-ए-मोहम्मद के अमीर नजीर वानी, जमील अहमद शेर गोजरी, तथा द रेजिस्टेंस फ्रंट के अदनान सफी डार और फारूक अहमद टेडवा के नाम शामिल हैं।

बड़ी कार्रवाई: इस साल अब तक 45 आतंकी मारे गए

सुरक्षा बलों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, वर्ष 2025 की शुरुआत से अब तक जम्मू-कश्मीर में 45 से अधिक आतंकियों को मार गिराया गया है और दर्जनों आतंकियों के ठिकानों को ध्वस्त किया गया है। हाल के महीनों में बांदीपोरा, पुलवामा, शोपियां और अनंतनाग जिलों में सुरक्षाबलों ने कई ठिकानों पर सर्जिकल स्ट्राइक्स कर आतंकियों के नेटवर्क को बड़ा नुकसान पहुंचाया है।

इसके अलावा, कई आतंकियों के सहयोगियों को भी गिरफ्तार किया गया है, जिनके जरिए आतंकी गतिविधियों के वित्तपोषण और लॉजिस्टिक सपोर्ट के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ हुआ है।

सख्त संदेश: आतंकियों और मददगारों पर टूटेगा कानून का कहर

सुरक्षा बलों का कहना है कि आतंकवादियों को समर्थन देने वाले व्यक्तियों, चाहे वे स्थानीय निवासी हों या नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग, उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षाबलों की रणनीति अब केवल मुठभेड़ों तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि आतंकवाद के आधारभूत ढांचे को नष्ट करना भी इसका मुख्य उद्देश्य बन चुका है।

घाटी में जारी इस सख्त कार्रवाई ने आतंकवादियों और उनके नेटवर्क को हिला कर रख दिया है और सुरक्षाबलों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जम्मू-कश्मीर में शांति एवं विकास के मार्ग में कोई बाधा स्वीकार नहीं की जाएगी।

 

Hot this week

Topics

Related Articles

Popular Categories

error: Content is protected !!