महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या बढ़ कर 681
महाराष्ट्र में शुक्रवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 84 नये मामले सामने आए और इसके साथ ही, साल की शुरुआत से अब तक दर्ज मामलों की कुल संख्या बढ़ कर 681 हो गई. राज्य के सार्वजनिक आरोग्य विभाग की ओर से एक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई है. ज्यादातर मरीजों में हल्के लक्षण हैं और लोगों को दहशत में आने की जरूरत नहीं है.
केरल में कोविड-19 के 227 नए मामले
केरल में कोविड-19 के 227 नए मामले सामने आने के बाद एक्टिव केस की संख्या बढ़कर 1,147 हो गई है. स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के नये आंकड़ों के अनुसार, पश्चिम बंगाल में 59 नए मामले सामने आए, जिससे सक्रिय मामलों की संख्या 116 हो गई. वहीं, दिल्ली में 56 नए मामले सामने आए, जिससे सक्रिय मामलों की संख्या 294 हो गई.
राजस्थान में अब तक 54 कोरोना के मामले
कोविड-19 के बढ़ते मामलों के बीच राजस्थान के स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह ने शुक्रवार को कहा कि राज्य में अब तक 54 मामले सामने आए हैं और एक व्यक्ति की मौत हुई है. सिंह ने एएनआई को बताया, “अब तक 54 मामले सामने आए हैं. अभी तक एसएमएस अस्पताल में केवल एक मरीज भर्ती है – एक बच्चा जो ओमीक्रॉन वैरिएंट से संक्रमित है, जो बहुत गंभीर नहीं है.”
कर्नाटक में तीन की कोरोना से मौत
कर्नाटक के मैसूर के एक प्राइवेट अस्पताल में कोविड-19 से संक्रमित 63 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई, जिसके बाद राज्य में कोरोना वायरस से मरने वालों की कुल संख्या तीन हो गई. अधिकारियों ने बताया कि मृतक को 15 मई को अस्पताल में भर्ती कराया गया था.