
DDA Janta Awas Yojna 2026: राजधानी में अपना घर चाहने वालों के लिए DDA ने खुशियों का पिटारा खोल दिया है. ‘जनता आवास योजना 2026’ के तहत द्वारका और छतरपुर जैसे इलाकों में मात्र 12.63 लाख रुपए में रेडी-टू-मूव फ्लैट्स मिल रहे हैं. 7 जनवरी से शुरू हो रहे रजिस्ट्रेशन में मौका न चूकें.
DDA Janta Awas Yojna 2026: देश की राजधानी में अपनी छत का सपना संजोए बैठे लोगों के लिए नए साल की शुरुआत खुशियों भरी होने वाली है. दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने ‘जनता आवास योजना 2025-26’ के तहत फ्लैटों के पंजीकरण की घोषणा कर दी है. इस योजना का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) के परिवारों को बेहद किफायती दरों पर दिल्ली की प्राइम लोकेशंस पर घर उपलब्ध कराना है. सबसे खास बात यह है कि ये फ्लैट्स ‘रेडी-टू-मूव’ स्थिति में हैं, यानी आवंटन के तुरंत बाद खरीदार अपने घर में शिफ्ट हो सकते हैं.
DDA हाउसिंग स्कीम का रजिस्ट्रेशन कब से होगा शुरू?
DDA की इस हाउसिंग स्कीम के लिए आवेदन की प्रक्रिया 7 जनवरी 2026 से आधिकारिक रूप से शुरू हो जाएगी. इच्छुक खरीदारों के पास 7 फरवरी 2026 तक पंजीकरण कराने का समय होगा. यह योजना उन परिवारों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है, जो लंबे समय से दिल्ली में घर तलाश रहे थे, लेकिन ऊंची कीमतों के कारण अब तक सफल नहीं हो पाए थे. प्राधिकरण ने इस बार आवेदन से लेकर आवंटन तक की पूरी प्रक्रिया को डिजिटल रखा है, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और आवेदकों को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें.
द्वारका मोड़ और छतरपुर जैसे इलाकों में रहने का अवसर
DDA ने इस योजना के तहत उन स्थानों का चयन किया है, जहाँ कनेक्टिविटी और सुविधाएं पहले से ही मौजूद हैं. द्वारका मोड़ जैसे व्यस्त और लोकप्रिय इलाके में फ्लैट्स की शुरुआती कीमत महज 12.63 लाख रुपये तय की गई है. यह प्रोजेक्ट मेट्रो स्टेशन से मात्र 100 मीटर की दूरी पर स्थित है, जो नौकरीपेशा लोगों के लिए आवाजाही को बेहद आसान बनाता है. वहीं, दक्षिण दिल्ली के चंदनहौला (छतरपुर) में घर चाहने वालों के लिए 23.05 लाख रुपये की शुरुआती कीमत पर फ्लैट उपलब्ध हैं. यह इलाका अपनी शांति और हरियाली के लिए जाना जाता है.


