राजघराना स्मार्ट सिटी के नाम पर हो रही अवैध प्लॉटिंग, कॉलोनी के विकास कार्यों का हो रहा दुरुपयोग

 

लोकनिर्माण लखनऊ। लखनऊ के गोसाईगंज क्षेत्र स्थित राजघराना स्मार्ट सिटी में कॉलोनीवासियों द्वारा वर्षों से कराए जा रहे विकास कार्यों का अब कुछ प्रॉपर्टी डीलर गलत लाभ उठा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, कॉलोनी में रह रहे नागरिकों ने राजघराना वेल्फेयर रेजिडेंशियल सोसाइटी के तहत आपसी सहयोग से सड़क, सीवरेज, विद्युत व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विकास कार्य कराए हैं। परंतु अब आसपास के खेतों में ट्रैक्टर चलाकर कच्ची सड़क बना दी गई है और वहां बिना नक्शा स्वीकृति के अवैध प्लॉटिंग की जा रही है।

सचिव शंकर दयाल गुप्ता एवं अध्यक्ष अशोक कुमार गुप्ता ने बताया कि कुछ डीलर इन अवैध प्लॉटिंग को राजघराना स्मार्ट सिटी का हिस्सा बताकर भूखंड बेच रहे हैं और ग्राहकों को गुमराह कर रहे हैं। इतना ही नहीं, इन लोगों ने जो सड़क और सुविधाएं सोसाइटी ने कराईं हैं, उन्हें अपनी बताकर प्लॉट महंगे दाम पर बेचे जा रहे हैं।

इन घटनाओं के चलते लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने कॉलोनी के नाम पर कुछ नोटिस जारी किए हैं, जिससे समाज के जिम्मेदार नागरिकों को बेवजह परेशानी झेलनी पड़ रही है।

अशोक कुमार गुप्ता ने स्पष्ट किया है कि उनका ऐसे किसी भी अवैध प्लॉटिंग या निर्माण से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने सभी डीलरों से अपील की है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में यथाशीघ्र विकास कार्य कराएं और नक्शा पास कराकर ही कोई निर्माण कार्य प्रारंभ करें।

साथ ही कॉलोनीवासियों और आम जनता से आग्रह किया गया है कि कोई भी प्लॉट खरीदने से पहले एलडीए से मान्यता की स्थिति जरूर जांचें।


रिपोर्ट: लोक निर्माण टाईम्स संवाददाता
स्थान: लखनऊ


 

Hot this week

Topics

Related Articles

Popular Categories

error: Content is protected !!