
सोने की खरीद-फरोख्त करने वाले रोजाना इसकी खरीदारी करते होंगे. लोग शादी-ब्याह के लिए जेवर-जेवरात बनाने के लिए भी सोने की खरीद करते होंगे. लेकिन, क्या आपको पता है कि पिछले 10 सालों में सोने की कीमत में कितनी बढ़ोतरी हो गई? आज के 10 साल पहले सोने की कीमत क्या थी और आज क्या है? शायद बहुत कम लोग ही इस बात का अंदाजा लगा सके होंगे? आप यह जानकर चौंक जाएंगे कि सिर्फ 10 साल की अवधि में सोना करीब 73,100 रुपये महंगा हो गया है. हम आपको बताने जा रहे हैं कि 30 मई 2015 को भारत में सोने की कीमत क्या थी और 10 साल बाद 30 मई 2025 को इसकी कीमत क्या है? आइए, इसके बारे में विस्तार से जानते हैं.
दिल्ली में सोने का ताजा भाव
30 मई 2015 को सोने की कीमत जानने से पहले 30 मई 2025 के ताजा भाव को जान लेना बेहद जरूरी है. दिल्ली के सर्राफा बाजार में शुक्रवार 30 मई 2025 को सोने की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी देखी गई. अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, आभूषण विक्रेताओं और खुदरा ग्राहकों की मांग में तेजी आने से 24 कैरेट सोने की कीमत 100 रुपये बढ़कर 98,600 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई है. यह मूल्य सभी करों सहित है. वहीं, 99.5% शुद्धता वाले सोने की कीमत भी 100 रुपये की वृद्धि के साथ 98,100 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई है.
चांदी की कीमत स्थिर, अब भी 1 लाख रुपये प्रति किलो
दूसरी ओर, चांदी की कीमतों में लगातार दूसरे सत्र में कोई बदलाव नहीं हुआ है. चांदी की दर 1,00,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर बनी हुई है. इस स्थिरता से यह संकेत मिलता है कि चांदी के बाजार में स्थिरता बनी हुई है. हालांकि, सोने की तुलना में चांदी की मांग अपेक्षाकृत धीमी हो सकती है.
वैश्विक बाजार में सोना कमजोर
वैश्विक स्तर पर हाजिर सोना शुक्रवार को 21.91 डॉलर प्रति औंस यानी 0.66% घटकर 3,295.82 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया. कोटक सिक्योरिटीज की सहायक उपाध्यक्ष (जिंस शोध) कायनात चैनवाला के अनुसार, निवेशकों की निगाहें आगामी अमेरिकी पीसीई आंकड़े, मिशिगन यूनिवर्सिटी की मुद्रास्फीति उम्मीदें और उपभोक्ता भावना पर केंद्रित हैं, जिससे वैश्विक बाजार में कीमतों में हल्का उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है.
30 मई 2015 में कितनी थी सोने की कीमत
पिछले एक दशक में भारत में सोने की कीमत में जबरदस्त उछाल आया है. 30 मई 2015 को 24 कैरेट सोने की कीमत जहां 25,500 रुपये प्रति 10 ग्राम थी. वहीं, 30 मई 2025 को यह कीमत बढ़कर 98,600 रुपये प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गई है. इन 10 सालों में सोने की कीमत 73,100 रुपये यानी 287% की वृद्धि दर्ज की गई है.
सोने की कीमत में बढ़ोतरी के पीछे असली कारण
सोने की कीमत में बढ़ोतरी के पीछे कई कारक जिम्मेदार हैं.
- वैश्विक आर्थिक अनिश्चितता
- महंगाई में बढ़ोतरी
- भू-राजनीतिक तनाव (रूस-यूक्रेन युद्ध, भारत-पाकिस्तान तनाव)
- रुपये की गिरती कीमत
- घरेलू और वैश्विक स्तर पर सोने की मांग में तेजी
निवेशकों में सोने को एक सुरक्षित निवेश विकल्प के रूप में स्वीकार किया जा रहा है, खासकर तब जब बाजार में अस्थिरता का माहौल बना हो.




