Bihar Encounter: बिहार में ताबड़तोड़ एनकाउंटर जारी, मुजफ्फरपुर में पुलिस ने दो लुटेरों को गोली मारकर गिराया

Bihar Encounter: मुजफ्फरपुर के पारू में गुरुवार को पुलिस और दो कुख्यात लुटेरों के बीच सीधी मुठभेड़ हुई. नीरज और बब्लू नाम के इन अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग की, लेकिन जवाबी कार्रवाई में दोनों के पैरों में गोली लगी और मौके पर ही दबोच लिए गए.

सूत्रों के मुताबिक, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ये दोनों किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने वाले हैं. सूचना मिलते ही पारू पुलिस ने इलाके को चारों तरफ से घेर लिया. खुद को फंसा देख दोनों अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और वे मौके पर ही गिर पड़े.

घायल बदमाश SKMCH में भर्ती

पुलिस टीम ने दोनों को पकड़कर तुरंत SKMCH में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है. डॉक्टरों के मुताबिक दोनों की हालत फिलहाल स्थिर है. मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से दो देसी पिस्तौल, जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है.

पुलिस की शुरुआती जांच में यह साफ हुआ है कि नीरज और बब्लू दोनों कथैया थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं और पहले भी कई बार जेल जा चुके हैं. पारू थाना प्रभारी ने बताया कि इनकी गिरफ्तारी से जिले में हालिया हुई लूट की कई घटनाओं का पर्दाफाश संभव है.

पुलिस की सख्ती ने माफियाओं को भेजा साफ संदेश

इस मुठभेड़ से एक बार फिर साबित हुआ कि मुजफ्फरपुर पुलिस अपराध के खिलाफ सख्ती के मूड में है. बदमाशों को उन्हीं की भाषा में जवाब देने की रणनीति ने इलाके में कानून का खौफ और भरोसा दोनों पैदा किया है. फिलहाल दोनों लुटेरों से पूछताछ जारी है और पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इनके साथ और कौन-कौन शामिल था। जिला पुलिस पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है.

Hot this week

Topics

Related Articles

Popular Categories

error: Content is protected !!