US Iran War: ईरान ने साफ कर दिया है कि अगर अमेरिका ने हार्मुज में या उसके तेल संसाधनों के लिए अहम खार्ग द्वीप पर सैनिकों को उतारा तो ईरान उस बाब-अल-मंदेब जलडमरूमध्य को भी बंद कर देगा, जो हिंद महासागर को लाल सागर और स्वेज नहर से जोड़ता है.

US Iran War: तू डाल-डाल मैं पात-पात… अमेरिका और ईरान के बीच जारी जंग में ठीक यही देखने को मिल रहा है. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक तरफ जंग खत्म करने के लिए शांति वार्ता की कोशिश में लगे हैं तो दूसरी तरफ खबर आई है कि वो मिडिल ईस्ट में उतारने की तैयारी में हैं. यह अटकलें लग रही हैं कि अमेरिका ईरान के किसी द्वीप पर हमला कर सकता है. ऐसे में ईरान ने अपना दूसरा प्लान बना लिया है- ईरान ने साफ कर दिया है कि अगर अमेरिका ने हार्मुज में या उसके तेल संसाधनों के लिए अहम खार्ग द्वीप पर सैनिकों को उतारा तो ईरान उस बाब-अल-मंदेब जलडमरूमध्य को भी बंद कर देगा, जो हिंद महासागर को लाल सागर और स्वेज नहर से जोड़ता है.
अगर ईरान ऐसा करता है तो मिडिल ईस्ट में तेल और गैस की जहाजों की आवाजाही पर और ज्यादा दबाव पड़ सकता है. ईरान ने पहले ही होर्मुज को एक तरह से बंद कर रखा है जो दुनिया का सबसे अहम तेल मार्ग है, जिससे वैश्विक तेल आपूर्ति का लगभग 20% हिस्सा गुजरता है. ईरान ने केवल यहां से जहाज ले जाने की अनुमति दी है.
ईरान का Plan B
एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार ईरान के एक सैन्य अधिकारी ने स्थानीय मीडिया से कहा कि अगर अमेरिका ईरान पर हमला करता है, तो ईरान बाब-अल-मंदेब जलडमरूमध्य को बंद कर देगा. बाब-अल-मंदेब जलडमरूमध्य को “आंसुओं का द्वार” (Gate of Tears) भी कहा जाता है. यह यमन (अरब प्रायद्वीप) और जिबूती/इरिट्रिया (अफ्रीका) के बीच एक महत्वपूर्ण 20-30 किमी चौड़ा जलमार्ग है. यह लाल सागर को अदन की खाड़ी और हिंद महासागर से जोड़ता है. स्वेज नहर के माध्यम से एशिया और यूरोप के बीच व्यापार के लिए यह अत्यधिक रणनीतिक समुद्री मार्ग है.
अधिकारी ने तस्नीम समाचार एजेंसी ने कहा, “अगर दुश्मन ईरानी द्वीपों या हमारे क्षेत्र में कहीं भी जमीनी कार्रवाई करने की कोशिश करता है, या अगर वह फारस की खाड़ी और ओमान सागर में नौसैनिक गतिविधियों के जरिए ईरान पर दबाव डालना चाहता है, तो हम ‘सरप्राइज’ के रूप में दूसरे मोर्चे खोल देंगे… बाब-अल-मंदेब जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे रणनीतिक जलडमरूमध्यों में से एक है और ईरान के पास इसके खिलाफ पूरी तरह विश्वसनीय खतरा पैदा करने की इच्छा और क्षमता दोनों हैं.”



