छावा ने विरोध की लहर को पछाड़ते हुए रचा इतिहास, 807 करोड़ रुपये की कमाई

लोक निर्माण टाईम्स, मुंबई।
साल 2025 की शुरुआत से अब तक कई बॉलीवुड फिल्में रिलीज हुईं, लेकिन विक्की कौशल और रश्मिका मंदाना अभिनीत फिल्म ‘छावा’ ने विरोध के बावजूद बॉक्स ऑफिस पर अपना परचम लहराया है। 14 फरवरी को रिलीज हुई इस फिल्म ने न केवल दर्शकों का दिल जीता, बल्कि वर्ल्डवाइड 807 करोड़ रुपये की कमाई कर इस वर्ष की सबसे बड़ी सुपरहिट फिल्म बन गई।

फिल्म छावा छत्रपति शिवाजी महाराज के वीर पुत्र शंभाजी महाराज के जीवन पर आधारित है। विक्की कौशल ने शंभाजी महाराज की भूमिका निभाई है, जबकि रश्मिका मंदाना ने येसुबाई का किरदार अदा किया है। फिल्म में अक्षय खन्ना ने औरंगजेब के रूप में जबरदस्त अभिनय कर प्रशंसा बटोरी है।

फिल्म की रिलीज से पहले पुणे स्थित मराठा संगठनों ने इसका विरोध किया था। संगठनों का आरोप था कि फिल्म में येसुबाई को नृत्य करते हुए दिखाया गया है, जो मराठा इतिहास का अपमान है। इसके चलते लाल महल के बाहर प्रदर्शन भी हुआ था। बावजूद इसके, फिल्म ने सिनेमाघरों में दर्शकों का जबरदस्त समर्थन हासिल किया।

सेकनिल्क के आंकड़ों के अनुसार, ‘छावा’ ने भारत में 601 करोड़ रुपये और विदेशों में शानदार कारोबार करते हुए वर्ल्डवाइड 807 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की। इसने अक्षय कुमार की ‘स्काईफोर्स’ सहित अन्य बड़ी फिल्मों के कलेक्शन को पीछे छोड़ दिया है। फिल्म की भव्य सिनेमेटोग्राफी, ऐतिहासिक प्रमाणिकता और प्रभावशाली निर्देशन को दर्शकों और समीक्षकों से समान रूप से सराहना मिली।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी फिल्म पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे मराठा इतिहास के गौरव का सशक्त चित्रण बताया। ‘छावा’ के प्रभाव से महाराष्ट्र सहित कई राज्यों में ऐतिहासिक फिल्मों के प्रति रुचि बढ़ती दिखाई दे रही है।

‘छावा’ ने यह प्रमाणित कर दिया है कि दमदार विषयवस्तु और उत्कृष्ट प्रस्तुति के बल पर किसी भी विरोध को पार किया जा सकता है। फिल्म न केवल व्यावसायिक दृष्टि से सफल रही, बल्कि ऐतिहासिक गौरव को भी नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।


 

Hot this week

Topics

Related Articles

Popular Categories

error: Content is protected !!