
रिपोर्टर: लोक निर्माण टाईम्स ब्यूरो | 8 मई 2025
नई दिल्ली।
भारत के ऑपरेशन सिंदूर से घबराया पाकिस्तान एक बार फिर अपनी कायराना हरकतों पर उतर आया। 7 और 8 मई की रात पाकिस्तान ने जम्मू-कश्मीर से गुजरात तक भारत के कम से कम 15 सैन्य ठिकानों को मिसाइल और ड्रोन से निशाना बनाने की नाकाम कोशिश की। लेकिन भारत के अत्याधुनिक S-400 वायु रक्षा प्रणाली और इजरायली हार्पी ड्रोन ने इन सभी हमलों को विफल कर दिया।
भारतीय रक्षा मंत्रालय के अनुसार, targeted क्षेत्रों में अवंतीपुरा, श्रीनगर, जम्मू, पठानकोट, अमृतसर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना और भुज शामिल थे। भारत ने केवल हमले विफल ही नहीं किए, बल्कि जवाबी कार्रवाई में लाहौर की वायु रक्षा प्रणाली को भी ध्वस्त कर दिया।
S-400: भारत का ‘सुदर्शन चक्र’
रूस से खरीदा गया S-400 दुनिया की सबसे उन्नत मिसाइल डिफेंस प्रणाली है। यह 400 किमी दूर के खतरे को रोकने और 600 किमी तक ट्रैक करने में सक्षम है। भारत ने अब तक इसके चार स्क्वाड्रन तैनात किए हैं, जिनमें एक पठानकोट और दूसरा राजस्थान-गुजरात सीमा पर है।
हार्पी ड्रोन: दुश्मन के रडार का काल
इस्राइल से प्राप्त हार्पी ड्रोन दुश्मन के रेडार और कम्युनिकेशन सिस्टम पर सीधा हमला करता है। यह नौ घंटे तक उड़ान में रह सकता है और स्वचालित रूप से रेडिएशन ट्रैक करके हमला करता है।
ऑपरेशन सिंदूर जारी
22 अप्रैल को पहलगाम आतंकी हमले के बाद शुरू हुए ऑपरेशन सिंदूर में अब तक 100 से अधिक आतंकियों के मारे जाने की पुष्टि हुई है। पाकिस्तान की बौखलाहट इसी का नतीजा है, लेकिन भारत पूरी तैयारी के साथ जवाब दे रहा है।



