लखनऊ: मोहान रोड पर विकसित की जा रही अनंत नगर योजना में लगभग 8,000 पेड़ों को हटाने की तैयारी की जा रही है. लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने योजना का निरीक्षण करके इस बाबत निर्देश दिये हैं. जिसके क्रम में विशेषज्ञ संस्था द्वारा जल्द ही पेड़ों के सर्वे का कार्य शुरू कराया जाएगा. इतनी बड़ी संख्या में पौध प्रत्यारोपण का यह प्रदेश का सबसे बड़ा अभियान होगा.
एलडीए के मुख्य अभियंता मानवेन्द्र सिंह ने बताया कि अनंत नगर योजना में प्रस्तावित 45, 24 एवं 12 मीटर चौड़ी सड़कों के एलाइनमेंट में लगभग 8,000 पेड़ आ रहे हैं.जिसमें प्रथम चरण में 2,098 पेड़ों को हटाया जाना अनिवार्य है. उपाध्यक्ष ने निर्देश दिये हैं कि इन पेड़ों को काटने के बजाये योजना में विकसित किये जाने वाले पार्कों/ग्रीन बेल्ट में प्रत्यारोपित किया जाए.इसके लिए दक्ष संस्था का चयन करते हुए बरसात के मौसम में ही कार्य पूर्ण करा लिया जाए. उपाध्यक्ष ने निर्देशित किया कि पेड़ों की शिफ्टिंग से पहले कास्तकारों को प्रतिकर का भुगतान कर दिया जाए.
लापरवाही पर ठेकेदारों पर जुर्माना
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने योजना में किये जा रहे निर्माण कार्यों का भी मुआयना किया. समीक्षा में पाया गया कि सेक्टर-1, पॉकेट-ई में 9, 12, 18 एवं 24 मीटर चौड़ी सड़कों का निर्माण कार्य अभी तक शुरू नहीं कराया गया है, जबकि कार्यदायी संस्था मेसर्स डीपी इन्फ्रास्ट्रक्चर को कार्यादेश जारी किया जा चुका है. इस पर उपाध्यक्ष ने संस्था पर 5 लाख रूपये का जुर्माना लगाने के आदेश दिये हैं. इसी तरह सेक्टर-1 एवं 4 में 45 मीटर चौड़ी सड़क, ट्रेंच, सीवरेज एवं ड्रेन निर्माण कार्य की धीमी प्रगति पर कार्यदायी संस्था पर 7.50 लाख रूपये का जुर्माना रोपित किया गया है.
उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने निर्देशित किया कि योजना के सभी सेक्टरों में निर्माण कार्यों में तेजी लायी जाए. साथ ही बरसात के दृष्टिगत मिट्टी भराई एवं लेवलिंग आदि के कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराये जाएं. उन्होंने मुख्य अभियंता को प्रत्येक सप्ताह योजना का निरीक्षण करके प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिये हैं.
कानपुर रोड से नादरगंज होते हुए अनंत नगर योजना को जोड़ने वाली लगभग 05 किलोमीटर लंबी सड़क के चौड़ीकरण, आरसीसी ड्रेन एवं ट्रेंच का कार्य प्राधिकरण द्वारा कराया जा रहा है. उपाध्यक्ष ने इसका निरीक्षण करके अक्टूबर, 2026 तक कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिये. उन्होंने कहा कि बरसात से पहले नालों को कवर कर दिया जाए, जिससे कि किसी भी तरह के हादसे की संभावना न रहे. इस मौके पर प्रभारी अधिकारी (अर्जन) विराग करवरिया, अधीक्षण अभियंता नवनीत शर्मा, अधिशासी अभियंता अजीत कुमार एवं मनोज सागर समेत अन्य अधिकारी व अभियंता उपस्थित रहे.
यूपी में लगाए जाएंगे 35 करोड़ पौधे
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में हरित क्रांति लाने के लिए योगी आदित्यनाथ सरकार लगातार पौधारोपण करा रही है. हर साल करोड़ों पौधे रोपे जा रहे हैं जिससे पर्यावरण को प्रदूषित होने से बचाया जा सके. प्रदूषण के स्तर को कम किया जा सके, जिससे लोगों को स्वच्छ हवा मिले और वे हमेशा स्वस्थ रहें. अब आगामी 12 जुलाई को उत्तर प्रदेश में एक साथ 35 करोड़ पौधे रोपे जाएंगे. वन विभाग की 1939, उद्यान की 146, रेशम विभाग की 55 और 499 निजी पौधशाला व 38 नवीन नर्सरियों से सभी विभागों, जनपदों व मंडलों में पौधे वितरित किए जा रहे हैं.
मुख्य वन संरक्षक (प्रचार-प्रसार) अदिति शर्मा ने बताया कि वन विभाग की तरफ से पौधशालाओं से सहयोगी विभागों को पौधों की आपूर्ति की जाती है. इसके लिए क्यूआर कोड आधारित इंडेंट जनरेट के पौध लेने के लिए अन्य विभागों के अधिकृत कर्मी को उपलब्ध कराया जाता है. यह कर्मचारी इंडेंट को लेकर वन विभाग की पौधशालाओं में जाता है. वहां वन विभाग के कर्मचारी डीएसटी मोबाइल ऐप के माध्यम से संबंधित विभाग के अधिकृत कर्मचारी को क्यूआर कोड स्कैन कर मांग के अनुरूप पौधे उपलब्ध करा देते हैं.






