लखनऊ में बैठकर अमेरिकियों से ठग लिए ढाई अरब रुपए, अब तक 119 लोगों की गिरफ्तारी, मास्टरमाइंड फरार

UP News: लखनऊ में कॉल सेंटर के जरिए अमेरिकी नागरिकों से अरबों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का मास्टरमाइंड विनीत फरार है. 119 गिरफ्तारियों के बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी है.

UP Crime News: समिट बिल्डिंग में कॉल सेंटर खोलकर अमेरिकन नागरिकों से अरबों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के मास्टरमाइंड की तलाश में पुलिस जुटी हुई है. अब तक 119 लोगों की गिरफ्तारी के बाद गिरोह का सरगना विनीत अंडरग्राउंड हो गया है. पुलिस को शक है कि वह देश छोड़कर भागने की फिराक में है या फिर किसी सुरक्षित ठिकाने पर छिपा हुआ है. सूत्रों के मुताबिक, गिरोह लंबे समय से लखनऊ से ही विदेशी नागरिकों को निशाना बना रहा था. कॉल सेंटर के जरिए खुद को तकनीकी सहायता या सरकारी एजेंसी का कर्मचारी बताकर अमेरिकियों को झांसे में लिया जाता था और उनसे मोटी रकम वसूली जाती थी. शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह नेटवर्क संगठित तरीके से काम कर रहा था और इसमें कई स्तरों पर लोग शामिल थे. लगभग ढाई अरब रूपए ठगने का अनुमान है.

समिट बिल्डिंग से चलता था ठगी का नेटवर्क

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि समिट बिल्डिंग में चल रहे इस कॉल सेंटर से विदेशों में बैठे लोगों को फोन किए जाते थे. ठग पहले भरोसा जीतते, फिर अलग-अलग बहानों से पैसे ट्रांसफर करा लेते थे. इस पूरे नेटवर्क का संचालन विनीत के इशारे पर होता था.

119 गिरफ्तार, मास्टरमाइंड फरार

अब तक की कार्रवाई में पुलिस ने गिरोह से जुड़े 119 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनमें कॉल सेंटर के कर्मचारी, तकनीकी मदद देने वाले लोग और रकम ट्रांसफर कराने वाले एजेंट शामिल हैं. हालांकि, मुख्य आरोपी विनीत अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है. उसकी गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.

पुलिस की कई टीमों की छापेमारी जारी

पुलिस ने विनीत के संभावित ठिकानों पर छापेमारी तेज कर दी है. उसके बैंक खातों, डिजिटल लेनदेन और संपर्कों की भी जांच की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस अंतरराष्ट्रीय ठगी नेटवर्क के और भी कई राज सामने आ सकते हैं. पुलिस का दावा है कि गिरोह ने संगठित तरीके से विदेशी नागरिकों को निशाना बनाकर भारी रकम ऐंठी है. अब जांच का फोकस मास्टरमाइंड विनीत को पकड़ने और पूरे नेटवर्क की जड़ तक पहुंचने पर है.

Hot this week

Topics

Related Articles

Popular Categories

error: Content is protected !!