
लोकनिर्माण टाइम्स विशेष समाचार
बांसडीह, बलिया। रविवार देर रात बांसडीह-बलिया मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसे में 30 वर्षीय बैंककर्मी प्रकाश सिंह उर्फ लव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथी अंशु तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सहपुरवा गांव के पास हुआ, जब उनकी तेज रफ्तार बुलेट बाइक अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बांसडीह कस्बे के उत्तर टोला निवासी सपा के पूर्व नगर अध्यक्ष यदुनाथ सिंह के पुत्र प्रकाश सिंह और उनके मित्र अंशु तिवारी बलिया की ओर जा रहे थे। रात करीब 10:30 बजे, सहपुरवा पुलिया के पास बाइक नियंत्रण खो बैठी और पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्रकाश सिंह को मृत घोषित कर दिया, जबकि अंशु तिवारी को गंभीर हालत में वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।
प्रकाश सिंह एचडीएफसी बैंक, पटना में कार्यरत थे। हादसे के समय वे अपने मित्र के साथ गंगा घाट महावीर स्थान पर एक अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। प्रकाश की शादी तीन साल पहले हुई थी और उनका एक आठ महीने का बेटा है। दुखद खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पिता यदुनाथ सिंह, पत्नी गुड़िया और पुत्र पार्थ का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस हादसे से पूरे कस्बे में शोक की लहर दौड़ गई है। क्षेत्रवासियों ने इस युवा और ऊर्जावान बैंककर्मी की असमय मौत पर गहरा दुख जताया है।
रिपोर्ट: लोकनिर्माण टाइम्स संवाददाता




