
लखनऊ, सरोजनी नगर:
राजघराना स्मार्ट सिटी वेल्फेयर रेजिडेंशियल सोसाइटी (रजि.) की ओर से सोसाइटी के अध्यक्ष श्री अशोक कुमार गुप्ता एवं सचिव श्री शंकर दयाल गुप्ता ने संयुक्त रूप से सरोजनी नगर के सम्पूर्ण समाधान दिवस में जिलाधिकारी को एक महत्वपूर्ण आवेदन पत्र सौंपा। आवेदन का मुख्य विषय क्षेत्र में स्थित एक ऐतिहासिक तालाब के सौंदर्यीकरण एवं संरचनात्मक विकास से संबंधित था।
सोसाइटी के प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी से आग्रह किया कि तालाब की स्थिति वर्तमान में अत्यंत दयनीय है, जिससे न सिर्फ जलभराव की समस्या उत्पन्न हो रही है, बल्कि आसपास के पर्यावरण एवं सार्वजनिक स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने तालाब की सफाई, घाट निर्माण, चारदीवारी, पथ प्रकाश व्यवस्था एवं वृक्षारोपण जैसे कार्यों को प्राथमिकता देने का अनुरोध किया।
डीएम ने आश्वासन दिया कि संबंधित विभागों को निर्देशित कर आवश्यक निरीक्षण कराते हुए जल्द से जल्द उचित कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। इस अवसर पर कई स्थानीय नागरिकों एवं सोसाइटी के अन्य सदस्य भी उपस्थित रहे, जिन्होंने प्रशासन से सहयोग की अपील की।



