
बलिया। जनपद बलिया के थाना कोतवाली क्षेत्र में झाड़ियों में मिले महिला के शव के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए मृतका के पति एवं उसकी प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार दोनों ने मिलकर महिला की हत्या की साजिश रची थी।
पुलिस के मुताबिक मृतका की पहचान प्रीति प्रजापति पत्नी चुन्नीलाल प्रजापति, निवासी रेवती नगर पंचायत वार्ड संख्या-13 के रूप में हुई। 24 मई 2026 को थाना कोतवाली क्षेत्र के शिवपुर दियर के पास झाड़ियों में एक अज्ञात महिला का शव बरामद हुआ था। जांच एवं शिनाख्त के बाद मृतका के परिजनों ने उसकी पहचान प्रीति के रूप में की।
मृतका के पिता श्यामदेव प्रजापति ने आरोप लगाया कि उनकी पुत्री की शादी 6 मार्च 2025 को चुन्नीलाल प्रजापति के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही दहेज को लेकर उसे प्रताड़ित किया जाता था। 22 मई 2026 को परिजनों को सूचना दी गई कि उनकी पुत्री कहीं चली गई है।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपी पति की प्रेमिका शोभा चौरसिया ने मृतका को घुमाने के बहाने ई-रिक्शा में बैठाकर बयासी पुलिया के पास ले गई। रास्ते में उसे पानी में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया गया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद आरोपी पति चुन्नीलाल ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों आरोपियों ने शव को झाड़ियों में फेंक दिया और फरार हो गए।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मृतका के आभूषण, चूड़ियां, पर्स, नकदी, मोबाइल फोन एवं अन्य सामान बरामद किया है।
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि थाना कोतवाली एवं एसओजी की संयुक्त टीम ने सीसीटीवी फुटेज, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों को गिरफ्तार किया। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
पति ने प्रेमिका के साथ मिलकर रची पत्नी की हत्या की साजिश, दोनों गिरफ्तार
Popular Categories





