जागरण संवाददाता, लखनऊ। अग्निकांड की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण ने शहर की हर दुकान व मकान का फायर सेफ्टी सर्वे कराने का निर्णय लिया है।
इस कार्य में निजी कंपनी का सहयोग लिया जाएगा। घर व दुकान की जांच के बाद फायर स्कोर दरवाजे पर चस्पा किया जाएगा, ताकि भवन स्वामी आग से बचने का प्रबंध कर सके।
एलडीए ने अलीगंज हादसे की जांच कर रही एसआइटी के निर्देश पर यह कदम उठाने जा रहा है, कहा गया है कि लोगों को जागरूक करने के लिए फायर सेफ्टी की मानक संचालन प्रक्रिया यानि एसओपी तैयार की जाए। उसी के तहत अब राजधानी में बड़ा फायर सेफ्टी सर्वे कराया जाएगा।
एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया, इस कार्य की शुरुआत एलडीए की आधा दर्जन से अधिक कालोनियों गोमती नगर, अलीगंज, आशियाना, रुचि खंड, शारदा नगर, जानकीपुरम सहित अन्य से होगी।
इन कालोनियों में ही करीब दो लाख से अधिक मकान हैं। कंपनी प्रतिनिधि दस से उससे अधिक बिंदुओं का परीक्षण करेंगे यदि उनमें खामी है तो उसका भी उल्लेख करेंगे। फायर स्कोर निकाल कर घर व दुकान के पास चस्पा होगा ताकि भवन स्वामी उसे सुरक्षित करा सकें।





