
लोक निर्माण टाईम्स – हैदराबाद से भीषण हादसे की रिपोर्ट
हैदराबाद, 18 मई 2025
रविवार की सुबह हैदराबाद के गुलजार हाउस स्थित एक बहुमंजिला इमारत में लगी भीषण आग ने पूरे देश को हिला कर रख दिया। इस दर्दनाक हादसे में 8 मासूम बच्चों समेत 17 लोगों की जान चली गई। आग शॉर्ट सर्किट से शुरू हुई बताई जा रही है, जो इमारत के पिछले हिस्से में लगी थी।
चश्मदीद जाहिद ने बताया कि,
“मेन गेट से आग के कारण अंदर जाना मुमकिन नहीं था। हम स्थानीय लोगों ने मिलकर शटर तोड़ा, दीवार फाड़ी और पहली मंज़िल तक पहुंचने की कोशिश की। लेकिन आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि अंदर फंसे लोगों को निकालना संभव नहीं हो सका।”
दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक आग ने पहली मंज़िल को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया था। सभी मृतक एक ही परिवार के बताए जा रहे हैं।
प्रधानमंत्री की संवेदना और मुआवज़ा घोषणा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस भीषण हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान करने की घोषणा की है।
प्रशासन पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि दमकल गाड़ियों की देर से पहुंचने और पिछली ओर कोई आपातकालीन निकास न होने के चलते जानमाल का नुकसान बढ़ा।
इस हादसे ने शहरी सुरक्षा व्यवस्था, आपातकालीन तैयारी और अग्निशमन विभाग की दक्षता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
लोक निर्माण टाईम्स आपसे अपील करता है कि अग्नि सुरक्षा मानकों का हर इमारत में सख्ती से पालन हो, ताकि इस तरह की त्रासदी दोबारा न घटे।
(रिपोर्ट: लोक निर्माण टाईम्स ब्यूरो, )




